March 9, 2026

मरणोपरांत देहदान का संकल्प : समाज के लिए प्रेरणास्रोत बना वृद्ध दम्पति…

IMG-20260129-WA0022

तालपुरी निवासी श्री नानाजी जगन मेश्राम एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती शोभा नानाजी मेश्राम ने सामाजिक संगठन सर्वधर्म सेवा संस्था भिलाई के माध्यम से अपने परिवारजनों की उपस्थिति में मरणोपरांत देहदान का पवित्र संकल्प लिया।

यह वृद्ध दम्पति जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय एंड रिसर्च सेंटर भिलाई के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. उदय कुमार दाभाड़े जी के सास-ससुर हैं।

सर्वधर्म सेवा संस्था विगत पाँच वर्षों से अंगदान एवं देहदान जागरूकता अभियान सतत रूप से संचालित कर रही है। इस अवधि में संस्था द्वारा 350 से अधिक महादानियों से संकल्प पत्र भरवाए जा चुके हैं, जो समाज के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण है।

(*अंगों की कमी से हो रही अकाल मृत्यु — गंभीर सामाजिक संकट*)

दिन-प्रतिदिन बढ़ती बीमारियों के कारण किडनी, लीवर, हृदय, आँखों सहित अन्य महत्वपूर्ण अंगों की आवश्यकता लगातार बढ़ रही है। परंतु समय पर अंग उपलब्ध न होने से सैकड़ों जरूरतमंद लोगों की अकाल मृत्यु हो रही है।

इसी सामाजिक संकट को देखते हुए संस्था अंगदान-देहदान को भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक मानती है।

(*राजकीय सम्मान की माँग*)

संस्था पिछले पाँच वर्षों से राज्य सरकार से यह माँग करती आ रही है कि—

अंगदान एवं देहदान अभियान को प्रदेश-स्तर पर प्राथमिकता दी जाए

देहदान/अंगदान करने वाले दानियों को मरणोपरांत राजकीय सम्मान प्रदान किया जाए

यह व्यवस्था तमिलनाडु, कर्नाटक, ओडिशा एवं मध्यप्रदेश जैसे राज्यों में पहले से लागू है, जिसके परिणामस्वरूप वहाँ अंगदान व देहदान करने वालों की संख्या में अभूतपूर्व वृद्धि देखने को मिली है।

 

(*सरकार तक पहुँची संस्था की आवाज*)

इस विषय को लेकर संस्था द्वारा पूर्व उपमुख्यमंत्री श्री टी.एस. सिंहदेव एवं वर्तमान उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा को ज्ञापन सौंपा जा चुका है।

हाल ही में संस्था द्वारा श्री रमन सिंह विधानसभा अध्यक्ष से भेंट कर विस्तृत निवेदन किया गया, जिस पर उन्होंने विषय को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी को तत्काल पत्र प्रेषित किया तथा अंगदान-देहदान करने वालों को राजकीय सम्मान देने की प्रक्रिया लागू कराने का आश्वासन दिया।

अभियान को आगे बढ़ाने वाले समर्पित कार्यकर्ता

पिछले पाँच वर्षों से इस मानवीय अभियान को सफल बनाने में संस्था के

प्रतीक भोई, सुरेश खांडवे, राकेश रत्नाकर, भेखराम साहू, रघुवंश सैनी, घनश्याम पांडेय, भागवत सिंह वर्मा, नोहर सिंह, रिजवान खान, संतोष उमरीकर, नितेश मिश्रा, वसंत सालंकर , गायत्री गोस्वामी, अरुणा शर्मा, जया सरनाइक सहित अनेक कार्यकर्ताओं का सराहनीय योगदान रहा है।

 

(*समाज से अपील*)

सर्वधर्म सेवा संस्था समाज के प्रत्येक नागरिक से अपील करती है कि वह अंगदान एवं देहदान जैसे महादान के लिए आगे आए, ताकि किसी के जीवन की लौ बुझने से पहले एक नया जीवन रोशन किया जा सके।