March 6, 2026

हथखोज में दो दिवसीय रामायण प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ…

IMG-20260202-WA0013

भिलाई–3 :– नगर पालिक निगम भिलाई–चरोदा क्षेत्रांतर्गत वार्ड क्रमांक 02, ग्राम हथखोज में ग्राम विकास समिति हथखोज के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय रामायण प्रतियोगिता के प्रथम दिवस उद्घाटन कार्यक्रम का आयोजन आज श्रद्धा, भक्ति एवं सांस्कृतिक वातावरण में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में श्री प्रेम लाल साहू (जिला प्रवक्ता, भाजपा भिलाई) उपस्थित रहे। ग्राम के वरिष्ठ नागरिकों के द्वारा माँ सरस्वती एवं भगवान श्रीराम के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर श्री प्रेम लाल साहू ने अपने उद्बोधन में कहा कि रामायण केवल एक धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने वाला आचरण ग्रंथ है। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का जीवन आज की पीढ़ी के लिए आदर्श है। ऐसे आयोजनों से समाज में संस्कार, सद्भाव और नैतिक मूल्यों का विस्तार होता है।

उन्होंने ग्राम विकास समिति हथखोज को इस पुनीत आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि ग्रामीण अंचल में इस प्रकार के धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रम समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं। युवा पीढ़ी को धार्मिक आस्था से जोड़ने, हिंदुत्व की रक्षा व मजबूती के लिए ऐसे आयोजन बहुत जरूरी है

कार्यक्रम में विभिन्न प्रतिभागियों द्वारा सस्वर रामायण पाठ एवं प्रस्तुति दी गई, जिसे उपस्थित जनसमूह ने भावविभोर होकर सराहा। प्रथम दिवस के कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामवासी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

ग्राम विकास समिति हथखोज के पदाधिकारियों ने बताया कि यह प्रतियोगिता दो दिवसीय है, जिसमें क्षेत्र के प्रतिभागी रामायण गान एवं प्रस्तुति के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

अंत आयोजन समिति के सदस्यों के द्वारा सभी अतिथियों का शाल–श्रीफल सम्मान किया।