“भिलाई महिला महाविद्यलय में स्कूली छात्राओं के सर्वांगीण विकास हेतु निःशुल्क समर कैंप का शुभारंभ”…
भिलाई, दिनांक 16 अप्रैल 2026: भिलाई महिला महाविद्यलय द्वारा स्कूली छात्राओं (कक्षा 11वीं एवं 12वीं) के लिए निःशुल्क समर कैंप 2026 का आयोजन दिनांक 15 अप्रैल 2026 से 24 अप्रैल 2026 तक महाविद्यालय परिसर में किया जा रहा है। इस समर कैंप का समय प्रतिदिन प्रातः 9:30 बजे से 11:00 बजे तक निर्धारित किया गया है।
महाविद्यालय की प्राचार्या द्वारा छात्राओं के हित में यह एक महत्वपूर्ण एवं सराहनीय पहल की गई है। उन्होंने छात्राओं के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए उन्हें विभिन्न रचनात्मक एवं कौशल आधारित गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण हेतु मार्गदर्शन प्रदान किया।
समर कैंप के अंतर्गत छात्राओं के लिए अनेक रोचक एवं उपयोगी गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं, जिनमें पॉट मेकिंग एवं पेपर आर्ट, मेहंदी डिजाइन एवं मेकअप, कैनवा डिजाइनिंग एवं लॉजिकल गेम्स, ज्वेलरी मेकिंग एवं कैलिग्राफी, क्ले मॉडलिंग एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डांस एवं क्रोशे, तथा टाई-एंड-डाई एवं बाटिक प्रमुख हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से छात्राओं को नई तकनीकों एवं रचनात्मक कौशलों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
महाविद्यालय प्रशासन ने सभी इच्छुक छात्राओं से आग्रह किया है कि वे इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं एवं अपनी प्रतिभा को निखारें।


