ब्लैकमेल कर किया अनाचार, साथी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार…
जांजगीर-चांपा। जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिका के साथ अनाचार के गंभीर मामले में पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एक सहयोगी आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं घटना का मुख्य आरोपी अभी भी फरार है, जिसकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मुख्य आरोपी ने पीड़िता के फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसके साथ जबरन अनाचार किया था। इसके बाद 19 मई 2026 की रात वह अपने साथी आनंद कुमार चौहान (19 वर्ष), निवासी ग्राम पथर्रा, थाना नवागढ़, जिला जांजगीर-चांपा के साथ पीड़िता के घर पहुंचा। दोनों ने बालिका को घर से बाहर बुलाने का प्रयास किया। जब पीड़िता ने बाहर आने से इंकार किया तो मुख्य आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और मौके से फरार हो गया।
पीड़िता की शिकायत पर नवागढ़ थाना में भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(2), 3(5) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 एवं 6 के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
नाबालिग बालिका के साथ घटित इस जघन्य अपराध को गंभीरता से लेते हुए नवागढ़ पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। जांच के दौरान सहयोगी आरोपी आनंद कुमार चौहान को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने मुख्य आरोपी का सहयोग करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले का मुख्य आरोपी अभी फरार है। उसकी तलाश लगातार जारी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जायगा।