विधायक रिकेश सेन की विधायक निधि से लगभग 15 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन सामुदायिक भवन के संपूर्ण आर.सी.सी. छत ढलाई कार्य के संबंध में निगम परियोजना कार्यालय में आयोजित बैठक में महत्वपूर्ण सहमति बनी।
भिलाई वार्ड 33 कैम्प-2 स्थित विवेकानंद नगर हरि संघ मंदिर के सामने वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन की विधायक निधि से लगभग 15 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन सामुदायिक भवन के संपूर्ण आर.सी.सी. छत ढलाई कार्य के संबंध में निगम परियोजना कार्यालय में आयोजित बैठक में महत्वपूर्ण सहमति बनी।
बैठक में परियोजना अधिकारी नितेश मेसराम, जोन आयुक्त कुलदीप गुप्ता, इंजीनियर दीपक देवांगन, विधायक कार्यालय की ओर से उपस्थित कर्मचारी तथा सामाजिक कार्यकर्ता एवं छत्तीसगढ़ बंगाली मित्र समाज के प्रदेशाध्यक्ष सुमन शील उपस्थित रहे। बैठक में भवन के अधिकतम उपयोग एवं जनहित को ध्यान में रखते हुए विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सामुदायिक भवन के संपूर्ण क्षेत्र में आर.सी.सी. छत ढलाई का कार्य कराया जाएगा, जिससे भवन का पूर्ण उपयोग समाज एवं सर्वसामान्य नागरिकों के हित में सुनिश्चित हो सके। इस संबंध में हरि संघ समिति के अध्यक्ष भूपति मंडल ने भी अपनी लिखित सहमति प्रदान की।
बैठक के उपरांत हरि संघ समिति एवं क्षेत्रवासियों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए निर्माण स्थल पर पूजा-अर्चना की। महिलाओं ने ब्रह्मा, विष्णु एवं महेश के नाम पर नारियल फोड़कर सामुदायिक भवन के निर्माण कार्य के सफलतापूर्वक पूर्ण होने की मंगलकामना की तथा सभी ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी प्रसन्नता व्यक्त की। उपस्थित लोगों ने इस निर्णय को समाजहित में एक महत्वपूर्ण एवं ऐतिहासिक कदम बताते हुए हर्ष व्यक्त किया।
हरि संघ समिति ने इस जनहितकारी निर्णय के लिए वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन, परियोजना अधिकारी नितेश मेसराम, जोन आयुक्त कुलदीप गुप्ता, इंजीनियर दीपक देवांगन तथा इस विषय पर समन्वय एवं सकारात्मक पहल करने वाले सामाजिक कार्यकर्ता एवं छत्तीसगढ़ बंगाली मित्र समाज के प्रदेशाध्यक्ष श्री सुमन शील के प्रति हार्दिक आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया। आभार एवं हर्ष व्यक्त करने वालों में सुमि शील, चित्रा मण्डल, नर्मदा राय, पूजा मल्लिक, गायत्री विश्वास, तरुबाला, रूमा मल्लिक, सबिता पण्डित, इंद्रासन, भूपति मण्डल, मानिक शील, संजय शील, अनिल मण्डल, सपन राय, गणेश शील, सुब्रत राय, सुशील पात्रों, उत्तम विश्वास, राजेश सरकार, शिखा शील, काजल राय, नमिता शील सहित अनेकों शामिल है ।

