29.55 लाख रुपए के सीमेंटीकरण कार्य में अनियमितता को लेकर जनता युवा कांग्रेस जोगी ने भिलाई निगम आयुक्त को सौंपा ज्ञापन…
भिलाई। मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के अंतर्गत वार्ड-46 में गणेश मंदिर पंप हाउस से ट्रांसपोर्ट नगर रोड तक 29.55 लाख रुपए की लागत से किए जा रहे सीमेंटीकरण एवं सड़क चौड़ीकरण कार्य में सामने आई गंभीर अनियमितताओं को लेकर जनता युवा कांग्रेस जोगी के दुर्ग संभाग अध्यक्ष अनुरुध वर्मा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने आज भिलाई नगर निगम आयुक्त सुरुचि सिंह को ज्ञापन सौंपकर दोषी अधिकारियों एवं ठेकेदार के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि इस निर्माण कार्य में लगातार गंभीर तकनीकी खामियां सामने आई हैं। निरीक्षण के दौरान निर्धारित 16 इंच मोटाई के स्थान पर मात्र 10 इंच सीसी सड़क का निर्माण पाया गया। साथ ही बेस एवं टॉप की मोटाई भी निर्धारित मानकों से कम मिली। इसके अलावा बिजली के पोलों को हटाए बिना ही सड़क चौड़ीकरण का कार्य किया गया, जिससे आम नागरिकों की सुरक्षा और सुविधा पर भी प्रश्नचिह्न खड़े हो रहे हैं।
जनता युवा कांग्रेस जोगी ने मांग की कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर तत्कालीन कार्यपालन अभियंता (ईई), पूर्व जोन आयुक्त सहित सभी जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही निर्माण एजेंसी एवं संबंधित ठेकेदार पर भी कार्रवाई करते हुए उसका भुगतान तत्काल प्रभाव से रोका जाए, ताकि जनता के पैसे का दुरुपयोग न हो और दोषियों को संरक्षण न मिले।
भिलाई नगर निगम आयुक्त सुरुचि सिंह ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
जनता युवा कांग्रेस जोगी ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई पूरी नहीं की गई तो संगठन भिलाई नगर निगम आयुक्त कार्यालय के सामने विरोध प्रदर्शन करेगा, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी निगम प्रशासन की होगी।
ज्ञापन सौंपने वालों में जनता युवा कांग्रेस जोगी के दुर्ग संभाग अध्यक्ष अनुरुध वर्मा, मनोज कुर्रे, परमानंद कौशिक, श्याम, विवेक कुर्रे , पवन कोसरे सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


