June 6, 2026

करोड़ों यात्र‍ियों को रेलवे का सबसे बड़ा तोहफा!4 नहीं 24 घंटे पहले रेडी होगा ट्रेन का चार्ट…

images (7)

Indian Railways: यात्र‍ियों की सुव‍िधाओं को ध्‍यान में रखते हुए भारतीय रेलवे की तरफ से लगातार कदम उठाए जा रहे हैं. प‍िछले द‍िनों तत्‍काल ट‍िकट बुक‍िंग से जुड़ी खाम‍ियां दूर करने के बाद रेलवे ने यात्र‍ियों की बड़ी चिंता को दूर करने के लिए कदम उठाया है. नए न‍ियम के तहत कन्फर्म सीटों से जुड़ी जानकारी चार्ट के जर‍िये ट्रेन रवाना होने से 24 घंटे पहले जारी की जाएगी. अभी यह जानकारी यात्र‍ियों को ट्रेन रवाना होने से चार घंटे पहले दी जाती है. लेक‍िन अब नए स‍िस्‍टम से यात्रियों को अपने सफर को प्‍लान करने में ज्‍यादा आसानी होगी.

दूर से आने वाले यात्र‍ियों को होगा फायदा

अभी वेट‍िंग ल‍िस्‍ट वाले यात्रियों को ट्रेन रवाना होने से कुछ घंटों पहले तक अपनी टिकट की स्थिति का पता नहीं होता. इससे अक्‍सर दूर से आने वाले यात्र‍ियों को समस्‍या हो जाती है. कई बार देखा गया है क‍ि दूर से आने वाले यात्री एक ट्रेन का ट‍िकट कंफर्म होने से घर से न‍िकल जाते हैं. लेक‍िन आगे का ट‍िकट कन्‍फर्म नहीं होने से वे बीच रास्‍ते में ही फंसकर रह जाते हैं. रेलवे के एक सीन‍ियर अधिकारी ने बताया कि नए स‍िस्‍टम से यात्रियों को पहले से अपनी सीट की सही जानकारी मिल जाएगी, जिससे वे बेहतर तरीके से प्‍लान कर सकेंगे.

बीकानेर डिवीजन में पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर शुरू क‍िया

रेलवे की तरफ से 6 जून से राजस्थान के बीकानेर डिवीजन में इस स‍िस्‍टम को पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर शुरू क‍िया गया है. टीओआई की खबर के अनुसार रेलवे अधिकारी ने बताया क‍ि अब तक इसमें क‍िसी तरह की समस्या नहीं आई है. हम कुछ हफ्तों तक इसकी और जांच करेंगे ताक‍ि किसी भी कमी को सही क‍िया जा सके. उन्‍होंने बताया क‍ि 100 किलोमीटर या इससे ज्‍यादा दूरी के ल‍िए यात्रा करने वाले यात्रियों को नई व्यवस्था से काफी राहत म‍िलेगी. उम्‍मीद की जा रही है आने वाले समय में इस स‍िस्‍टम को रेलवे के बाकी ड‍िवीजन में भी लागू क‍िया जाएगा.

तत्काल टिकट की बुक‍िंग पर कोई असर नहीं

रेलवे सूत्रों ने बताया क‍ि नई व्यवस्था से तत्काल टिकट बुक करने वालों पर क‍िसी तरह का असर नहीं होगा. तत्काल टिकट ट्रेन रवाना होने से 48 घंटे पहले बुक किये जाते हैं. इसलिए चार्ट 24 घंटे पहले जारी करने में क‍िसी तरह की परेशानी नहीं होगी. हालांक‍ि अभी तक यह साफ नहीं है क‍ि रेलवे दूसरा या तीसरा चार्ट जारी करेगा या नहीं, क्योंकि कई यात्री ऐसे होते हैं जो आखिरी 24 घंटे के दौरान अपनी कन्फर्म टिकट को रद्द कर सकते हैं.

एक सूत्र ने कहा, ‘पायलट प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद यात्रियों के फायदे को देखते हुए फैसला लिया जाएगा.’ अभी रेलवे की तरफ से चार्ट दो बार तैयार करता था. पहला चार्ट ट्रेन के रवाना होने से चार घंटे पहले और दूसरा, अंतिम चार्ट, ट्रेन के रवाना होने से 30 मिनट पहले तैयार होता था.

 

 

 

You may have missed