March 7, 2026

पुलिस परेड मैदान में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारी पूरी…

images (12)

रायपुर: राजधानी के पुलिस परेड मैदान में स्वतंत्रता दिवस समारोह पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा. गरिमामय समारोह के आयोजन की तैयारी पूरी कर ली गई है. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 15 अगस्त को सुबह 9 बजे ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगे. समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने आज सुबह पुलिस परेड ग्राउण्ड पर फुल ड्रेस रिहर्सल की गई. प्रदेश के पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम एवं एडीजी विवेकानंद सिन्हा की मौजूदगी में कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह और एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया. फुल ड्रेस रिहर्सल में मुख्यमंत्री के सुरक्षा अधिकारी ने मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस परेड ग्राउंड पहुंचकर ध्वजारोहण किया. उन्होंने परेड का निरीक्षण किया और मार्च पास्ट की सलामी भी ली. स्वतंत्रता दिवस समारोह में 17 प्लाटून आकर्षक मार्च पास्ट करेंगी. इनमें प्लाटून बीएसएफ, सीआरपीएफ, आई.टी.बी.पी, सी.आई.एस.एफ., एस.एस.बी. ओडिशा पुलिस, छसबल (पुरुष-महिला), छत्तीसगढ़ पुलिस (पुरुष), जेल पुलिस (पुरुष), नगर सेना (पुरुष-महिला), एन.सी.सी (बॉयज-गर्ल्स), बैण्ड प्लाटून, घुड़सवार दल, महिला बैगपाइपर बैण्ड दस्ता भी मार्च पास्ट में शामिल होंगे. इसके अलावा हॉर्स शो और बैगपाइपर बैंड का शो भी होगा. हॉर्स शो में फ्लैग मार्च टेंट पैगिंग नेजाबंदी शो जंपिंग और गैलप राउंड होगा.

 

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय स्वतंत्रता दिवस समारोह में पुलिस अधिकारियों को पदक-अलंकरणों से भी सम्मानित करेंगे. समारोह में का पुलिस पदक, गृह रक्षा एवं नागरिक सुरक्षा सराहनीय सेवा पदक और पुलिस महानिदेशक पुरस्कार दिए जाएंगे. इसके साथ राज्य स्तरीय पुरस्कार राज्यपाल पुरस्कार, मुख्यमंत्री पुरस्कार, रानी सुबरन कुंवर पुरस्कार और वीरनारायण सिंह पुरस्कार भी दिया जाएगा.

 

वहीं महिला बैगपाइपर बैंड द्वारा आरक्षक सोनबती ठाकुर के नेतृत्व में प्रस्तुति दी जाएगी जो मार्चिग प्रजेंटेशन होगा. इसके अलावा स्कूली विद्यार्थियों की आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी होंगी. करीब 780 स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी. इसमें लक्ष्मीनारायण कन्या उ.मा विद्यालय, सालेम इंग्लिश स्कूल, मदर्स प्राइड स्कूल रायपुर के बच्चे प्रस्तुति देंगे.