March 6, 2026

संयुक्त राष्ट्र ज्यादा प्रभावी भूमिका निभा पाता तो ‘बोर्ड ऑफ पीस’ की जरूरत न पड़ती : ट्रंप

donald-trump-1-5_V_jpg--1280x720-4g

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि संयुक्त राष्ट्र ने ‘‘कभी भी अपनी क्षमता के अनुसार काम नहीं किया’’ और यदि उसने प्रभावी भूमिका निभायी होती तो गाजा के लिए गठित ‘बोर्ड ऑफ पीस’ की जरूरत ही ना पड़ती।

ट्रंप ने संकेत दिए कि नवगठित ‘बोर्ड ऑफ पीस’ संयुक्त राष्ट्र का स्थान ले सकता है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में ‘बोर्ड ऑफ पीस’ का गठन किया है जिसका उद्देश्य गाजा के पुनर्निर्माण में सहायता करना है।

ट्रंप से जब एक संवाददाता सम्मेलन में सवाल किया गया कि क्या वह चाहते हैं कि ‘बोर्ड ऑफ पीस’ संयुक्त राष्ट्र का स्थान ले तो ट्रंप ने कहा, ‘‘यह हो सकता है। संयुक्त राष्ट्र बहुत मददगार साबित नहीं हुआ है। मैं संयुक्त राष्ट्र की क्षमताओं का बड़ा समर्थक हूं, लेकिन यह कभी अपनी पूरी क्षमता के अनुसार काम नहीं कर पाया।’’

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप अपने दूसरे कार्यकाल की पहली वर्षगांठ पर मंगलवार को व्हाइट हाउस के एक प्रेसवार्ता में पत्रकारों से रूबरू हुए और उनके प्रश्नों के उत्तर दिए।

यह प्रेसवार्ता करीब 105 मिनट तक चली। ट्रंप ने कहा, ‘‘अमेरिका ने हाल ही में ‘बोर्ड ऑफ पीस’ का गठन किया है और मुझे लगता है कि यह वाकई शानदार साबित होने जा रहा है। अगर संयुक्त राष्ट्र ने अधिक कदम उठाए होते तो शायद इसकी जरूरत नहीं होती।’’

ट्रंप ने कहा कि उन्होंने अपने दूसरे कार्यकाल के पहले साल में आठ युद्धों को सुलझाया, लेकिन संयुक्त राष्ट्र ने किसी भी युद्ध में उनकी मदद नहीं की।

ट्रंप ने कहा, ‘‘मैं उन्हें दोष नहीं दे रहा हूं। मैंने उन्हें मदद के लिए फोन नहीं किया, लेकिन मैंने राष्ट्रपतियों और प्रधानमंत्रियों को एक साथ बैठाया, हमने सख्ती से बात की, आपसी सहमति बनाई और वे मुझे पसंद करने लगे।’’

You may have missed