March 7, 2026

इस साल दीपावली पार्टी में नजर नहीं आए अभिनेता गोविंदा

IMG-20241102-WA0013

 

मुंबई, । गाेली लगने की घटना के बाद डॉक्‍टरों ने बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा को आराम करने की सलाह दी थी, इसके चलते वह इस बार दीपावली पार्टी में शामिल नहीं हो पाए।

सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें अभिनेता की पत्‍नी सुनीता गोविंदा के बारे में बात करती हुई दिखाई दे रही हैं।

बता दें कि पिछले महीने गोविंदा अपनी प‍िस्‍तौल से गलती से गोली चलने से घायल हो गए थे।

क्लिप में सुनीता को अपनी बेटी टीना आहूजा के साथ देखा जा सकता है। जहां उन्‍होंने पैपराजी के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि ‘सर एकदम ठीक है। डॉक्‍टर ने उन्‍हें आराम करने का बोला है, इसलिए वो इस साल दीपावली नहीं मना रहे हैं, सिर्फ मैं बच्चों के साथ दीपावली मना रही हूं।”

एक अक्टूबर को अभिनेता और सत्तारूढ़ शिवसेना के सदस्य गोविंदा आहूजा अपने लाइसेंसी पिस्तौल को साफ करते समय उससे चली गोली से घायल हो गए थे। जब यह घटना हुई, तब वह जुहू स्थित अपने घर थे।

इससे उनके पैर में चोट लग गई थी, और खून से लथपथ गोविंदा को तुरंत इलाज के लिए जुहू के क्रिटी केयर अस्पताल ले जाया गया।

अभिनेता को चार अक्टूबर को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई और उन्होंने इस पूरी घटना को अपने फैंस के साथ शेयर किया।

गोविंदा अस्पताल के बाहर व्हीलचेयर पर बैठे मीडिया से बात करते हुए नजर आए। उन्‍होंने सभी की प्रार्थनाओं के लिए शुक्रिया भी कहा था।

गोविंदा ने कहा था, “मैं देश के सभी लोगों को उनके प्यार, प्रार्थनाओं और समर्थन के लिए धन्यवाद देता हूं। मैं प्रशासन, पुलिस और माननीय शिंदे जी को खास तौर पर शुक्रिया कहना चाहता हूं। आप सभी के प्‍यार और आशीर्वाद ने मुझे सुरक्षित रखा है। आपके प्यार के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद। जय माता दी।”

गोविंदा ने गोली चलने की घटना पर कहा, ” यह एक गहरी चोट थी और जब यह लगी तो मुझे यकीन ही नहीं हुआ। ऐसा लगा जैसे कुछ हो गया हो। मैं कोलकाता में एक शो के लिए जा रहा था और सुबह करीब 5 बजे.. वो गिरी और चल पड़ी..मैं दंग रह गया और फिर मैंने खून का फव्वारा निकलते देखा।”

उन्होंने कहा कि उनके डॉक्टर उनके साथ अस्पताल गए थे।

You may have missed