पीएम मोदी व सीएम योगी को धमकी देने वाला आरोपी फरीदाबाद से गिरफ्तार…
- एसपी अंकुर अग्रवाल ने बताया कि एक कॉल आई। कॉलर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जान से मारने की धमकी दी थी।
लखनऊ : सीतापुर के रामकोट के किनौटी गांव निवासी युवक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में रामकोट पुलिस व शहर कोतवाली पुलिस को भनक तक नहीं लगी। एसपी अंकुर अग्रवाल के निर्देश पर एसओजी की विशेष टीम ने फरीदाबाद से बृहस्पतिवार को आरोपी युवक की गिरफ्तारी की है। आरोपी को जेल भेजा गया है। थानाध्यक्ष रामकोट सुरेश पटेल ने बताया कि उन्हें इस मामले की कोई जानकारी नहीं दी गई। वहीं, शहर कोतवाल अनूप शुक्ला ने बताया कि यह संवेदनशील प्रकरण है लेकिन वह कोई जानकारी नहीं दे पाएंगे।
एसपी अंकुर अग्रवाल के अनुसार 22 जून को दोपहर 2 बजकर 51 मिनट पर मोबाइल नम्बर 9654285591 पर एक कॉल आई। कॉलर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जान से मारने की धमकी दी। इस पर 112 प्रभारी राजकरन शर्मा ने मोबाइल नम्बर पर एफआईआर दर्ज कराई। इसके साथ ही एसओजी की एक टीम को आरोपी को पकड़ने की जिम्मेदारी दी गई। एसओजी ने आरोपी किनौटी गांव निवासी टोनी उर्फ महावीर को फरीदाबाद से गिरफ्तार किया। सीओ सिटी के पर्यवेक्षण में हुई गिरफ्तारी के बाद आरोपी को जेल भेजा गया। आरोपी को पकड़ने के मामले में शहर कोतवाली पुलिस व रामकोट पुलिस ने हाथ खड़े कर दिए। सीओ सिटी के पर्यवेक्षण में एसओजी ने आरोपी को फरीदाबाद से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।