सुनामी की चेतावनी के बाद प्रशासन ने खाली कराया फुकुशिमा न्यूक्लियर प्लांट…
- जापान में सुनामी को लेकर अलर्ट जारी करने के बाद फुकुशिमा न्यूक्लियर प्लांट को खाली करा दिया गया है. यहां काम करने वाले कर्मचारियों को सुरक्षित निकाल लिया गया है.
जापान और रूस के तटीय इलाकों में एक बार फिर कुदरत का कहर टूटा है. बुधवार, 30 जुलाई 2025 की सुबह रूस के कामचटका क्षेत्र में 8.8 तीव्रता का विनाशकारी भूकंप आया. इसकी वजह से समुद्र में जोरदार हलचल हुई और इसके बाद जापान के उत्तरी द्वीप होक्काइडो में सुनामी की 3 मीटर तक ऊंची लहरें उठीं. जापान में तुरंत हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है और लोगों को तटीय क्षेत्रों से दूर रहने की सख्त हिदायत दी गई है.
जापानी मौसम विज्ञान एजेंसी ने चेतावनी दी है कि सुनामी की लहरें एक से अधिक बार आ सकती हैं और इससे जान-माल को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फुकुशिमा न्यूक्लियर पावर प्लांट को एहतियातन बंद कर दिया गया है. यह वही प्लांट है जहां 2011 की भयावह सुनामी के बाद रेडियोएक्टिव लीक जैसी स्थिति बन गई थी.